2022 में कौन होगा 357 का विधायक!

बिल्थरारोड का है रिकार्ड, जिसका विधायक-उसकी सरकार

बलियाः यूपी में विधानसभा चुनाव की घंटी बज गई है। प्रदेश के 403 विधानसभा सीटों में बलिया जनपद के एकलौते सुरक्षित विधानसभा सीट 357 बेल्थरारोड का अब तक यह चुनावी रिकार्ड रहा है कि जिस पार्टी का यहां विधायक हुआ, उसी पार्टी की प्रदेश में सरकार बनी। बिल्थरारोड विधानसभा सीट यूं तो समाजवादी गढ़ मानी जाती है और यहां अब तक तीन बार भगवा लहरा चुका है। 2017 के 17वें विधानसभा चुनाव में मोदी लहर में बीजेपी की शानदार जीत हुई। बीजेपी से यहां धनंजय कन्नौजिया विधायक हुए, जिन्हें कुल 77504 वोट मिले थे और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। दूसरे नंबर पर सपा-कांग्रेस गठबंधन में सपा प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक गोरख पासवान को 59185 वोट मिले। वहीं बसपा से पूर्व मंत्री घूरा राम यहां 47297 वोट पाकर तीसरे नंबर पर अटक गए। अब इस सीट पर बीजेपी के तिलिस्म को तोड़ने और अपने समाजवादी गढ़ बचाने के लिए सपा एकबार फिर पूरी ताकत झोंक चुकी है। हालांकि यहां पांच वर्ष में राजनीतिक समीकरण काफी हद तक बदल गया है। कुछ हद तक राजनीतिक परिस्थितियां बदली तो कुछ कोरोनाकाल ने बदल दिया।
बदल चुकी है राजनीतिक परिस्थितियां
2017 में भाजपा और सुभासपा साथ थे। आज सुभासपा सपा के साथ है। 2012 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा प्रत्याशी के रुप में 35578 वोट पाकर तीसरे नंबर पर स्थान बनाने वाले प्रवीण प्रकाश आज भाजपा के हो गए है। बसपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री घूरा राम का कोरोनाकाल में निधन हो गया। उनके बेटे अनुराग गर्ग उर्फ संतोष राम आज पिता का दिया वादा सपा के साथ निभा रहे हैं। जबकि बसपा के ही दूसरे बड़े नेता और पैक्सफेड के पूर्व चेयरमैन छट्ठू राम भी दल बदल कर सत्ता सुख की उम्मीद में भाजपा में शामिल हो गए है। ऐसे में 2022 के 18वीं विधानसभा चुनावी जंग में कौन भारी होगा, यह तो समय बतायेगा। फिलहाल जनता सभी प्रमुख दलों से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने का इंतजार कर रही है। राजनीतिक दल भी इस गुणागणित में लगे है कि इस सीट पर बीजेपी का तिलिस्म कौन तोड़ेगा!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *