राहत : सीएनजी-पीएनजी के हुआ सस्ता, गैस कीमत तय करने का फार्मूला बदला – CMG TIMES

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने घरेलू गैस मूल्य निर्धारण दिशा निर्देशों को मंजूरी दे दी है जिससे कीमतों का निर्धारण अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप होगा और उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिलने की संभावना है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार शाम हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
नए दिशा निर्देशों के अनुसार प्राकृतिक गैस की कीमत भारतीय क्रूड बास्केट की मासिक औसत का 10 प्रतिशत रहेगी और इस संबंध में हर महीने अधिसूचना जारी की जाएगी।नए दिशा निर्देशों का उद्देश्य घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए स्थिर मूल्य प्रणाली सुनिश्चित करना है और साथ ही उत्पादन करने वाली कंपनियों को भी बाजार की प्रतिकूल परिस्थितियों से संरक्षण प्रदान करना है।
भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 को कैबिनेट की मंजूरी
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने आज देश की पहली अंतरिक्ष नीति और देश में पहली अंतरिक्ष वेधशाला महाराष्ट्र के हिंगोली में बनाने को स्वीकृति प्रदान की।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री कार्यालय में अंतरिक्ष एवं परमाणु ऊर्जा विभाग के प्रभारी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने संवाददाताओं को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि कैबिनेट में भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 को आज मंजूरी दे दी जिसका उद्देश्य अंतरिक्ष विभाग की भूमिका, निजी क्षेत्र की भागीदारी, इसरो के मिशनों के विस्तार तथा शोध, अकादमिक, स्टार्ट अप्स एवं उद्योगों की अधिक सहभागिता को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष एवं सौर मंडल की गतिविधियों पर निगाह रखने के लिए विश्व में केवल दो अत्याधुनिक वेधशालाएं अमेरिका में हैं। अमेरिका के साथ भारत का करार हुआ है कि तीसरी वेधशाला भारत में बनेगी। इस तीसरी वेधशाला के निर्माण की करीब 2600 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी है। यह वेधशाला महाराष्ट्र के हिंगोली में बनायी जाएगी।(वार्ता)
The post राहत : सीएनजी-पीएनजी के हुआ सस्ता, गैस कीमत तय करने का फार्मूला बदला appeared first on CMG TIMES.