बलिया से पूर्वांचल के पिछड़ों को साधने का डिप्टी सीएम ने लगाया जोर
अगड़े-पिछड़े-दलितों का संगम है भाजपाः केशव प्रसाद

बलियाः जनपद बलिया में आयोजित भाजपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन के बहाने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने सोमवार को बलिया से पूरे पूर्वांचल के पिछड़ों को साधने की कोशिश की और सपा पर जमकर हमला बोला। डिप्टी सीएम ने कहा कि अगड़े पिछड़े और दलितों का भाजपा एक संगम है। प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक भाजपा का ही तूफान नजर आ रहा है। उन्होंने मौजूद भीड़ को बलिया के सभी सीटों पर कमल का फूल खिलने का प्रमाण बताया। कहा कि मौजूद जनसैलाब इस बात की गवाही दे रहा है कि आगामी विधान सभा चुनाव में बलिया जिले की सभी सीटों पर कमल का फूल खिलने वाला है।
60 फिसदी बीजेपी का और बाकी 40 प्रतिशत में बंटावारा होगा
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि गरीब, मजदूर, किसान, अगड़े और पिछड़ों के आशीर्वाद से प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। धर्म के नाम पर ध्रुवीकरण कराने वाली पार्टियों को चेताया कि चाहे जो कर लें पर 100 में 60 फीसद हमारा है। बाकी 40 प्रतिशत में बंटवारा है, उसमें भी हमारा है। कहा कि 2014 से शुरू हुई भाजपा की आंधी 2019 से सुनामी बन चुकी है। इसलिए अखिलेश यादव को 2022 की नहीं 2027 की तैयारी करनी चाहिए।
125 करोड़ के योजनाओं का दी सौगात
सिकंदरपुर में डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने करीब 125 करोड़ के परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 53 करोड़ 11 लाख के लागत से निर्मित हो चुके विकास कार्यो का लोकार्पण एवं 72 करोड़ की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यो का शिलान्यास किया। सम्मेलन का शुभारंभ डिप्टी सीएम ने दीप जलाकर किया।
47 सीटे भी सपा पूरी कर लें तो बड़ी उपलब्धी
डिप्टी सीएम ने बलिया में सिकंदरपुर के चेतनकिशोर मैदान में सपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि वही अखिलेश यादव प्रदेश में 400 सीटें जीतने का दावा कर रहे है किंतु वे 47 की संख्या पूरी कर लें तो यह बहुत बड़ी उपलब्धी होगी। कांग्रेस और सपा को चुनावी हिन्दू करार देते हुए इनसे सावधान रहने की सलाह भी दी। कहा कि जब से समाजवादी इत्र की दुर्गंध फैली है तब से अखिलेश के चेहरे पर 12 बज गए हैं। हलक से आवाज नहीं निकल रही है। अखिलेश यादव द्वारा भगवान परशुराम की प्रतिमा अनावरण पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो भगवान राम का नहीं हुआ वो परशुराम का क्या होगा। कारसेवकों पर गोली और कांवरियों पर लाठी बरसाने वाले अब राम का नाम अलापने लगे हैं। लाल और जालीदार टोपी जेब मे लेकर चलने वालों को प्रदेश की जनता पूरी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर टीका टिप्पणी को समय की बर्बादी बताया।
मंच पर दिखे भाजपा के दिग्गज
बलिया के सिकंदरपुर चेतनकिशोर मैदान में भाजपा के विशाल मंच पर डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्या के साथ मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, सलेमपुर लोकसभा सांसद रविंद्र कुशवाहा, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, विधायक संजय यादव, धनंजय कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शंकर दुबे, पूर्व विधायक भगवान पाठक, विजय बहादुर दुबे, केतकी सिंह, अक्षयलाल यादव, छट्ठू राम, देवेंद्र यादव, डा. विजय रंजन समेत अनेक लोग मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान भाजपा नेता सतीश राव अंजय, सतीश गुप्ता, रणजीत कुशवाहा, अमीत जायसवाल, राममनोहर गांधी, उपेंद्र गुप्ता, अशोक कुशवाहा, राहुल राजभर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोगों की भीड़ जुटी रही।