बलिया में भी आप ने की नुक्कड़ सभा, सदस्यता अभियान तेज शामिल

बलिया: जनपद बलिया में भी आम आदमी पार्टी द्वारा जनाधार बढ़ाने के लिए वृहद रूप से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत बिल्थरारोड तहसील के ग्राम अखोप में नुक्कड़ सभा आयोजित कर दो दर्जन से अधिक समर्पित व निष्ठावान युवकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए आप किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्त ने भाजपा व कांग्रेस की जमकर आलोचना की। कहा कि कांग्रेस के कुशासन से तंग आकर जनता ने भाजपा को सत्ता सौंपी, लेकिन इन दोनों पार्टियों ने जनभावनाओं की उपेक्षा कर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उलंघन किया है।
देश की राजधानी में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में जनता को बुनियादी सुविधाएं दी गई हैं। ऐसे में जनता समझ चुकी है कि आप ही उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जनाधार बढ़ाने की कवायद तेज कर दी गई है। सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने पार्टी की नीतियों की चर्चा करते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि आप सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। सभा के दौरान 25 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने विकास और अमनपसंद लोगों से पार्टी से जुड़ने की अपील की। इस मौके पर डॉ अमरनाथ यादव, मोनू चौरसिया, शाहरुख खान, मोहम्मद सुलेमान, फूलचंद प्रजापति, बलिस्टर आदि मौजूद रहे।